IPS Deepak Gehlawat won bronze medal in World Police and Fire Games in America

हरियाणा और भारत के लिए गर्व का मौका तब आया, जब आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत ने अमेरिका के अलबामा में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2025 में पॉवरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता दुनिया भर के पुलिस और अग्निशमन सेवाओं के कर्मियों के बीच आयोजित होती है।
दीपक गहलावत ने 35 प्लस आयु वर्ग के 74 किलोग्राम भार वर्ग में पुश-पुल स्पर्धा में कुल 240 किलोग्राम वजन उठाकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। उनकी इस जीत ने न केवल भारत का, बल्कि हरियाणा का नाम भी अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर रोशन किया है।
हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव निजामपुर माजरा से ताल्लुक रखने वाले दीपक गहलावत वर्तमान में गुरुग्राम में डीसीपी हेडक्वार्टर के पद पर तैनात हैं। वे 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और इससे पहले वे हरियाणा के कई जिलों में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के तौर पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
आईपीएस दीपक ने यह साबित कर दिया कि अगर संकल्प दृढ़ हो तो प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ खेलों में भी ऊँचाइयाँ छूना संभव है। उनकी यह उपलब्धि विशेष रूप से उन युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत है जो खेल और प्रशासन दोनों क्षेत्रों में करियर बनाना चाहते हैं।
दीपक गहलावत का परिवार भी सेवा भावना का प्रतीक है। उनकी पत्नी सीमा धनखड़ भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) की अधिकारी हैं और वर्तमान में गुरुग्राम में आयकर आयुक्त के रूप में कार्यरत हैं। उनके पिता कुलबीर सिंह हरियाणा पुलिस में निरीक्षक पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
दीपक गहलावत की यह उपलब्धि देशभर के प्रशासनिक अधिकारियों और युवाओं के लिए एक मजबूत संदेश देती है – कि जोश और जुनून के साथ लक्ष्य तय किया जाए, तो हर क्षेत्र में सफलता निश्चित है।
Comments